पटना , सितंबर 08 -- ाज्य में गन्ना उद्योग को और अधिक सुदृढ़ करने, किसानों की आय बढ़ाने तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी लाभ किसानों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने की।बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, आगामी कार्ययोजना तथा गन्ना क्षेत्र के विस्तार को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को जिम्मेदारी के अनुरूप पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निदेश दिए।
मंत्री श्री संजय कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के स्तर पर गन्ना उद्योग विभाग की योजनाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है। विभागीय स्तर पर भी नियमित समीक्षा के माध्यम से योजनाओं की प्रगति को गति दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिला स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति की नियमित समीक्षा करते हुए फील्ड स्तर पर किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
मंत्री ने कहा कि बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू कराना तथा नई चीनी मिलों की स्थापना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रस्तावित 25 नई चीनी मिलों की स्थापना के लिए स्पष्ट रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया। इसके तहत वर्षवार एवं जिलावार लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्ययोजना तैयार की जाएगी।उन्होंने जिला स्तर पर सहायक निदेशक सहित संबंधित अधिकारियों एवं चीनी मिल प्रबंधन के कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा आपसी समन्वय से गन्ना क्षेत्र के विस्तार एवं गन्ना उद्योग को मजबूत करने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित