यमुनानगर , सितंबर 6 -- भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने रविवार को कहा कि आगामी चार अक्टूबर को यमुनानगर में गन्ना, धान, बिजली और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर जिला स्तरीय किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी।
श्री टिकैत यहां किसान नेता दलबीर कैल के निवास पर आयोजित एक निजी कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महापंचायत में प्रदेश अध्यक्ष रतन मान शामिल होंगे और किसान अपने ट्रैक्टर लेकर पहुंचेंगे।
उन्होंने मांग की कि गन्ने का रेट लागत को देखते हुए 600 रुपये प्रति क्विंटल दिया जाए और धान की खरीद 15 सितंबर से पहले शुरू की जाए। उन्होंने बताया कि महापंचायत में बिजली और रादौर-यमुनानगर सड़क के मुद्दे पर भी बड़ी घोषणा की जाएगी।
श्री टिकैत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार किसान विरोधी है और किसान को बर्बाद करना चाहती है। जल्द ही पूरे देश में ट्रैक्टर प्रमुख बनाए जाएंगे ताकि किसान अपने ट्रैक्टर के साथ मजबूती से लड़ाई लड़ सके। देश में एक बड़े आंदोलन की जरूरत है।
जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने बताया कि महापंचायत की तैयारी के लिए जल्द जिला स्तरीय बैठक कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इस महापंचायत में किसानों के मुद्दों को लेकर सरकार पर पूरा जोर दिया जाएगा और कड़े निर्णय लिए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित