सागर , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले में दो दिन से जारी मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी दौरान सानौधा थाना क्षेत्र की गदेरी नदी में आबचंद गुफा क्षेत्र में पानी के तेज बहाव के बीच फंसे नौ युवक-युवतियों को पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस के अनुसार गदेरी नदी के तेज बहाव और चारों ओर पानी से घिरे नौ युवक-युवतियों के फंसे होने की सूचना मिलते ही चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा ने वरिष्ठ अधिकारियों और एसडीआरएफ टीम को तत्काल सूचना दी। आबचंद गुफा की ओर से सीधे घटनास्थल तक पहुंचना अत्यंत कठिन और जोखिमपूर्ण होने पर अधिकारियों ने आबचंद गांव की ओर से दूसरे रास्ते से रेस्क्यू टीम भेजने का निर्णय लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ दूसरे मार्ग से घटनास्थल की ओर रवाना हुए। आबचंद गांव के ग्रामीणों की मदद से जंगल में रास्ता तलाशा गया और जीपीएस नेविगेशन तथा सर्चलाइट की सहायता से टीम बच्चों के निकट पहुंची। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पूरे रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते हुए पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों से लगातार समन्वय किया।
गदेरी नदी में पानी का स्तर और तेज बहाव होने के कारण स्थिति बेहद खतरनाक थी। होमगार्ड कमांडेंट भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने नदी के बीच फंसे युवक-युवतियों तक पहुंचकर उन्हें एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। संयुक्त प्रयासों से रिया, उपासना, सानिया, निक्की उर्फ निकिता, डाली, राज, राजा, नीरज अहिरवार और सिया को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया निवासी बताए गए हैं। रेस्क्यू के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी के स्वस्थ पाए जाने पर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित