रुद्रपुर , अगस्त 04 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में हुई गोलीबारी की घटना का मंगलवार को खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना को पुरानी रंजिश के चलते अंजाम दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के अनुसार विगत 26 जुलाई की शाम को सरदार नगर अंडरपास कट के पास गोलीबारी की घटना सामने आई थी। अगले दिन सहजपाल सिंह निवासी ग्राम बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा की ओर से तहरीर देकर आरोप लगाया गया कि रूद्रपुर से लौटते वक्त पहले आरोपियों ने दो स्कार्पियो से उनका पीछा किया और फिर फायरिंग शुरू कर दी।
घटना में गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लग गई जबकि सहजपाल सिंह और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चार आरोपियों को बीती रात को गुलरभोज स्थित हरिपुरा जलाशय के पास से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में राजवीर सिंह विर्क (23) निवासी मुकंदपुर डेरा, थाना गदरपुर, ऊधमसिंह नगर, आकाशदीप सिंह (24) निवासी बरेली नगर नंबर-2, ग्राम सभा सरोवर नगर, थाना गदरपुर, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी (29) निवासी वार्ड नंबर-2, गदरपुर तथा सौरभ कुमार (22) निवासी शिवपुरी, थाना केलाखेड़ा शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक .32 बोर अवैध देशी पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बांस का डंडा तथा स्कॉर्पियो वाहन संख्या यूके 06बीजे 5050 और यूके 06 बीजे-8585 बरामद किए गए हैं। दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5) तथा धारा 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि सौरभ कुमार, आकाशदीप सिंह और प्रशांत सिंह के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा, कांस्टेबल मोहन भट्ट, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा शामिल रहे। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल दो अन्य आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित