रुद्रपुर , जुलाई 31 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर जनपद के दौरे पर गदरपुर और रुद्रपुर को 31 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।
उन्होंने गदरपुर में 28.30 करोड़ रुपये की आठ विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ नवनिर्मित बस स्टेशन का उद्घाटन किया, जबकि रुद्रपुर में शहीद ऊधम सिंह की 9 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण कर पार्किंग एवं आधारभूत विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 694.06 लाख रुपये की तीन पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 2,136.01 लाख रुपये की पांच नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें नव निर्मित विकासखंड कार्यालय भवन, हरिचंद्र-गुरुचंद्र बंग सामुदायिक भवन और गदरपुर बस स्टेशन का लोकार्पण शामिल रहा। वहीं बाबा डल मंदिर से बौर जलाशय होते हुए गुलरभोज तिलपुरी वन बैरियर तक कंक्रीट सड़क तथा विभिन्न क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग टाइल सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में "विकास भी, विरासत भी" के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और सरकार केवल शिलान्यास नहीं बल्कि समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं का लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, सड़क और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। उन्होंने आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण, चीनी मिल कर्मचारियों को सातवां वेतनमान दिलाने के प्रयास, गूलरभोज पर्यटन क्षेत्र में जिम कॉर्बेट की जिप्सी परमिट संचालन तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में दो स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम शुरू कराने का भी आश्वासन दिया।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पूरी तरह पारदर्शी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई और जनहित के निर्णयों के माध्यम से सुशासन को मजबूत कर रही है।
मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में शहीद ऊधम सिंह की पुण्यतिथि पर 40 लाख रुपये की लागत से स्थापित नौ फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का जीवन राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का अमर प्रतीक है तथा उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 1.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कलेक्ट्रेट परिसर की पार्किंग, लैंडस्केपिंग एवं ड्रेनेज निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही 2.65 करोड़ रुपये की लागत से कैनाल कॉलोनी में बनने वाली सरफेस पार्किंग का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रत्येक परियोजना गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरी की जा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से पंजाब में निवासरत शहीद ऊधम सिंह के परिजनों से संवाद कर उनके बलिदान को नमन किया तथा कलेक्ट्रेट परिसर में रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा।
कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडेय, शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित