गोरखपुर , सितम्बर 09 -- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में आगामी गणेश चतुर्थी के पावन पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस लाइन में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में पीस कमेटी एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, विसर्जन व्यवस्था समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहरी क्षेत्र में करीब 160 स्थानों तथा ग्रामीण क्षेत्र में 132 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। बड़ी संख्या में प्रतिमाओं की स्थापना और श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रशासन ने थाना स्तर पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बैठक में थाना वार पीस कमेटी के सदस्यों से सीधे संवाद करते हुए उनके क्षेत्र की समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पर्व को लेकर किसी भी क्षेत्र में यदि कोई समस्या या आवश्यकता है तो उसे पहले से प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीस कमेटी के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें।

श्री मीणा ने कहा कि गणेश चतुर्थी आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सुझावों और बताई गई समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। थाना स्तर पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पीस कमेटी के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क में रहें।

उन्होंने विशेष रूप से प्रतिमा स्थापना वाले स्थानों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बिजली के तारों की सुरक्षा, पेयजल, बैरिकेडिंग और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। भीड़ वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार पुलिस बल की तैनाती और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि गणेश चतुर्थी के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रतिमा स्थापना समितियों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ समन्वय बनाकर रखें। संवेदनशील स्थानों को चिह्नित करते हुए वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। किसी भी व्यक्ति द्वारा भ्रामक, आपत्तिजनक या माहौल खराब करने वाली पोस्ट प्रसारित किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

एसएसपी ने कहा कि जुलूस, शोभायात्रा और अन्य कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन कराया जाएगा। बिना अनुमति कोई नया कार्यक्रम या मार्ग परिवर्तन नहीं किया जाएगा। आयोजक समितियां भी पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर भी पहले से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन को शहरी क्षेत्र में प्रतिमा स्थापना स्थलों और प्रमुख मार्गों पर साफ -सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं यातायात व्यवस्था को लेकर एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रूट डायवर्जन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

अधिकारियों ने बिजली विभाग से प्रतिमा स्थापना एवं जुलूस मार्गों पर विद्युत तारों की जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार उन्हें व्यवस्थित करने पर जोर दिया। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि आयोजन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाएं पर्याप्त रहें।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा आयोजन समितियों से लगातार संपर्क बनाए रखें। किसी विवाद की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए दोनों पक्षों के बीच संवाद के माध्यम से समाधान कराया जाए।

इस दौरान एसपी सिटी निमिष पाटील, एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र, सहायक पुलिस अधीक्षक अरुणकुमार एस, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी, एसपी अपराध सुधीर जायसवाल, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुणाल रस्तोगी सहित जनपद के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित