वाराणसी , सितंबर 14 -- श्री काशी विश्वनाथ धाम में सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं, काशीवासियों, न्यास के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मंदिर न्यास के अनुसार सनातन परंपरा में भगवान श्री गणेश को प्रथम पूज्य देव माना गया है। उन्हें रिद्धि-सिद्धि का दाता और विघ्नहर्ता कहा गया है। मान्यता है कि भगवान गणेश की आराधना से जीवन में सुख-समृद्धि आती है तथा परिवार पर आने वाले संकट और विघ्न दूर होते हैं।

मंदिर प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सहायक अर्चकों तथा शास्त्रियों की उपस्थिति में मंगल कार्यक्रम का अनुष्ठान संपन्न हुआ। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं के सुख, शांति, समृद्धि एवं मनोरथ पूर्ण होने की मंगलकामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित