मुंबई , अक्टूबर 27 -- कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक गणेश आचार्य ने अपनी आगामी फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' के गीत 'कर मेहनत' के साथ गीतकार के रूप में नई शुरुआत की है।गणेश आचार्य के लिखे इस प्रेरणादायक गीत को गायक सोनू निगम ने आवाज दी है।

मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प का संदेश देने वाला यह गीत जीवन की चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा देता है।

गणेश आचार्य ने कहा कि अपनी निर्देशित फिल्म के लिए पहली बार गीत लिखना उनके लिए खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और यह गीत उन सभी लोगों के लिए है, जो जीवन में कुछ हासिल करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

सोनू निगम ने कहा कि गीत के बोलों की सच्चाई और इसका सकारात्मक संदेश उन्हें पसंद आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत लोगों को अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।

वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति इस फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं, जबकि गणेश आचार्य ने इसकी कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी संभाली है। फिल्म की पटकथा और संवाद दिगांगना सूर्यवंशी तथा गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है।

'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित