मुंबई , अक्टूबर 13 -- मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्म निर्देशक गणेश आचार्य की आगामी फिल्म 'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' को बॉलीवुड सितारों का समर्थन मिल रहा है। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के बाद अक्षय कुमार, अजय देवगन, संजय दत्त, रणवीर सिंह, कृति सेनन और विक्की कौशल समेत कई कलाकारों ने गणेश आचार्य के संघर्ष और सफलता के सफर की सराहना की है। यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अक्षय कुमार ने ट्रेलर साझा करते हुए गणेश आचार्य के साथ अपने लंबे जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि गणेश आचार्य ने उनके शुरुआती गानों में से एक को कोरियोग्राफ किया था। एक छोटी शुरुआत से अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर मुकाम हासिल करने तक का उनका सफर प्रेरणादायक है। अक्षय ने अपने दोस्त को फिल्म के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
अभिनेत्री कृति सेनन ने कहा कि उन्हें गणेश आचार्य के निर्देशन में 'व्हिसल बजा' और 'परम सुंदरी' जैसे गानों पर काम करने का अवसर मिला। उन्होंने फिल्म के ट्रेलर की सराहना करते हुए उनके प्रेरणादायक सफर को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्सुकता जताई।
विक्की कौशल ने गणेश आचार्य के साथ काम करने के दौरान उनकी जिंदगी के कई किस्से सुनने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मास्टरजी का सफर वास्तव में 'डस्ट टू स्टारडस्ट' रहा है और उनकी कहानी हमेशा प्रेरित करती है।
वरुण धवन ने ट्रेलर और निर्देशन की तारीफ करते हुए कहा कि गणेश आचार्य की कहानी पूरी एक पीढ़ी को प्रेरित कर सकती है। रणवीर सिंह ने भी उनके सफर को प्रेरणादायक बताया, जबकि टाइगर श्रॉफ ने ट्रेलर की सराहना की। रितेश देशमुख, सोनम बाजवा, तमन्ना भाटिया और परिणीति चोपड़ा समेत कई अन्य कलाकारों ने भी फिल्म के प्रति अपना उत्साह जताया।
फिल्म को लेकर सुनील शेट्टी, जॉनी लीवर, मनीष पॉल, प्रभु देवा, सोनू सूद, विद्या बालन, मौनी रॉय और मृणाल ठाकुर सहित कई कलाकारों ने अपनी शुभकामनाएं साझा की हैं। अजय देवगन और संजय दत्त ने भी ट्रेलर साझा कर फिल्म के प्रति समर्थन जताया है।
'गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट' के जरिए गणेश आचार्य अपने जीवन के संघर्ष, महत्वाकांक्षा, त्याग और सफलता की कहानी पर्दे पर प्रस्तुत करेंगे। अपने करियर में कई लोकप्रिय गानों को कोरियोग्राफ कर चुके गणेश आचार्य ने हिंदी सिनेमा में विभिन्न पीढ़ियों के कलाकारों के साथ काम किया है।
फिल्म में शिवांशु सोनी, आलोक शॉ, सुकन्या कलान और साक्षी पवारस्कर मुख्य भूमिकाओं में हैं। वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म की निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं। फिल्म की कहानी, लेखन और निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश आचार्य ने संभाली है। पटकथा और संवाद दिगंगना सूर्यवंशी तथा गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है, जबकि गीतों के बोल समीर अंजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं।
फिल्म की रिलीज की तारीख 11 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित