नयी दिल्ली , अप्रैल 26 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि फ़्रांस के बोरदो में यूरोपियन गर्ल्स मैथेमेटिकल ओलंपियाड में हमारी बेटियों ने अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया और यह टीम विश्व में छठे स्थान पर रही।

श्री मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में रविवार को कहा कि इस महीने की शुरुआत में फ़्रांस के बोरदो में यूरोपियन गर्ल्स मैथेमेटिकल ओलंपियाड का आयोजन हुआ। गणित में गहरी रुचि रखने वाली स्कूली छात्राओं के लिए ये एक बड़ी प्रतियोगिता थी। यह दुनिया की सबसे सम्मानित प्रतियोगिताओं में से एक है। इस ओलंपियाड में हमारी बेटियों ने अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्हें इस प्रतिभाशाली टीम पर बहुत गर्व है। इसमें मुंबई की श्रेया मुंधड़ा, तिरुवनंतपुरम की संजना चाको, चेन्नई की शिवानी भरत कुमार और कोलकाता की श्रिमोयी बेरा शामिल थीं। इसमें हमारी टीम विश्व में छठे स्थान पर रही। इस प्रतियोगिता में श्रेया ने स्वर्ण पदत जीतकर इतिहास रच दिया, संजना ने सिल्वर, तो शिवानी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

उन्होेंने कहा कि इस ओलंपियाड के लिए भारत में जो चयन की प्रक्रिया है, वो अपने आप में बहुत कठिन है। इसका एक बहु स्तरीय चयन प्रक्रिया है। इसमें क्षेत्रीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कठिन चुनौतियों को पार करना होता है। इसके बाद सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राएँ एक महीने के गणित प्रशिक्षण शिविर में शामिल होती हैं। इस शिविर के आखिर में टीम चयन टेस्ट होता है। इसमें प्रदर्शन के आधार पर ही भारत की टीम चुनी जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित