खरगोन , सितंबर 25 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में बलवाड़ा थाना क्षेत्र के कुंडिया गांव के समीप शुक्रवार को गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक किशोर की चोरल नदी में डूबने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान इंदौर के खजराना क्षेत्र निवासी ऋतिक (16) पुत्र चतरू के रूप में हुई है। वह करीब 30 लोगों के साथ गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए कुंडिया पहुंचा था। नदी किनारे विसर्जन की तैयारी और आरती के दौरान ऋतिक नहाने के लिए नदी में उतर गया।
बलवाड़ा थाना प्रभारी रितेश यादव ने बताया कि ऋतिक पानी में आगे बढ़ते हुए गहरे हिस्से में चला गया और पैर फिसलने से डूब गया। पुलिस और उसके साथ आए लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
हादसे की सूचना मिलने पर एसडीओपी अर्चना रावत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शकुंतला रूहल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल बड़वाह भेज दिया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित