धार , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट की नई सड़क पर बीती देर रात गेहूं से भरे एक ट्रॉले में अचानक भीषण आग लग गई। आग में ट्रॉला पूरी तरह जलकर खाक हो गया और उसमें भरा लाखों रुपये का गेहूं भी नष्ट हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार इंदौर की ओर से आ रहे ट्रॉला क्रमांक आरजे 09 जीडी 5887 के पहियों के पास से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। खतरा भांपते हुए चालक ने तत्काल ट्रॉले को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, धामनोद पुलिस और टोल कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

आग बुझने तक ट्रॉला पूरी तरह जल चुका था और उसमें भरा गेहूं भी नष्ट हो गया। पुलिस और टोल कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित