इंफाल , जनवरी 26 -- मणिपुर में सुरक्षा बलों (एसएफ) ने पिछले दो दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में व्यापक तलाशी अभियान चलाकर भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किये हैं। इस दौरान दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है, जिनमें एक प्रतिबंधित संगठन का सक्रिय कैडर शामिल है।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि पिछले दो दिनों में चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के लोइलामकोट और नालोन के बीच इलाके में चलाए गए अभियान के दौरान तीन आरपीजी गोला-बारूद, पांच 30 एमएम ग्रेनेड, एक बोल्ट एक्शन राइफल, दो पम्पी, तीन पम्पी शेल, दो सिंगल बैरल राइफल और 10 एसबीबीएल कारतूस बरामद किये गये।
एक अन्य अभियान में रविवार को काकचिंग जिले के वांगू थाना क्षेत्र के एलांगबा चिंग, वांगू इलाके से एक घातक असॉल्ट राइफल, दो डबल बैरल गन, तीन सिंगल बैरल गन, चार एचई ग्रेनेड, दो मैगजीन, चार ट्यूब लॉन्चिंग डिवाइस, विभिन्न कैलिबर के 35 जिंदा राउंड, 14 खाली खोखे, आठ टीयर स्मोक ग्रेनेड, आठ टीयर स्मोक शेल, दो बाओफेंग हैंडसेट चार्जर सहित, एक बुलेटप्रूफ जैकेट, एक एचवाईटी मोबाइल रेडियो, दो जोड़ी जूते और तीन हेलमेट बरामद किए गए।
सुरक्षा बलों ने रविवार को चुराचांदपुर थाना क्षेत्र के तीजांग गांव के तेराखोंगशांग जंगल इलाके से भी हथियार बरामद किए। इनमें एक एम-ए II एमके II राइफल मैगजीन सहित, एक एके मैगजीन, 66 राउंड गोला-बारूद, दो एचई हैंड ग्रेनेड, करीब 3.5 किलोग्राम वजनी तीन आईईडी और एक मज़ल लोडिंग बैरल गन शामिल है।
इंफाल पूर्व जिले के हिंगांग थाना क्षेत्र के गौरासिंह लोक, लुवांगसांगबाम इलाके से चार 36 एचई हैंड ग्रेनेड, दो इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, एक स्टन ग्रेनेड, 21 जिंदा राउंड, 12 खाली खोखे, दो इंसास एलएमजी मैगजीन और दो संगीन (बेयोनेट) बरामद किए गए। थौबल जिले के नोंगपोक सेक्मई थाना क्षेत्र के काकमयाई लामखाई इलाके से एक डबल बैरल गन, चार 36 एचई हैंड ग्रेनेड, छह आईईडी, दो मैगजीन, विभिन्न कैलिबर के 138 राउंड, तीन 12-बोर कारतूस और पांच डेटोनेटर बरामद किए गए।
इंफाल पश्चिम जिले के लाम्फेल थाना क्षेत्र के इरोइसेंबा चिंग इलाके में 24 जनवरी को हुई बरामदगी में लगभग 3.5 किलोग्राम वजनी एक आईईडी, एक डब्ल्यूटी हैंडसेट चार्जर सहित, पांच हैंड ग्रेनेड, तीन कार्बाइन मैगजीन, 102 जिंदा राउंड, दो खाली 303 खोखे, 11 जिंदा लाथोड शेल, तीन जिंदा टीयर स्मोक शेल, नौ डेटोनेटर और एक आर्म रिंग शामिल है। जिरीबाम जिले में रविवार को जयरोलकपोकी गांव के पहाड़ी तलहटी क्षेत्र से एक एसएलआर मैगजीन सहित, सात देसी 12-बोर सिंगल बैरल गन, दो पम्पी, एक पैरा बम, दो आईईडी, छह मैगजीन, 121 जिंदा राउंड, पांच पम्पी शेल के खाली खोखे और दो वॉकी-टॉकी सेट बरामद किए गए।
इस बीच, मणिपुर पुलिस ने रविवार को इंफाल पश्चिम जिले के मयांग इंफाल थाना क्षेत्र के अवांग लेइकाई स्थित एक आवास से प्रतिबंधित संगठन के एक सक्रिय कैडर को गिरफ्तार किया। उसके छोटे भाई को भी संगठन से जुड़े सबूत नष्ट करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित