नयी दिल्ली , जनवरी 26 -- गणतंत्र दिवस समारोह की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए दिल्ली पुलिस ने सोमवार को राजधानी भर में 30,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की।

अधिकारियों के अनुसार, बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के तहत नई दिल्ली जिले में ही करीब 10,000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए जहां परेड का आयोजन हुआ और जहां कई अन्य उच्च-सुरक्षा क्षेत्र स्थित हैं।

नयी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त देवेश कुमार महाला ने बताया कि परेड मार्ग और आसपास के इलाकों में पिकेट, बैरिकेडिंग तथा सभी मानक संचालन प्रक्रियाएं (एसओपी) सख्ती से लागू की गईं।

उन्होंने कहा कि सभी कर्मियों को तैनाती योजना, बिंदुवार निर्देश और आकस्मिक स्थितियों से निपटने के उपायों पर पहले ही ब्रीफ किया गया था और आयोजन से पूर्व रिहर्सल भी कराई गई।

उन्होंने बताया कि नई दिल्ली क्षेत्र में परेड मार्ग और उसके आसपास 3,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें उन्नत वीडियो एनालिटिक्स और फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) की सुविधा है। इन कैमरों की लाइव फीड की निगरानी 30 से अधिक कंट्रोल रूम के माध्यम से चौबीसों घंटे की गई, जहां करीब 150 कर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे।

मैदान में तैनात पुलिसकर्मियों को फेसियल रिकग्निशन और वीडियो एनालिटिक्स से युक्त एआई-सक्षम चश्मे भी उपलब्ध कराए गए।

श्री महाला ने बताया कि ये भारत-निर्मित एआई चश्मे रियल-टाइम में पुलिस के अपराधियों, संदिग्धों और घोषित अपराधियों के डेटाबेस से जुड़े थे। किसी भी भीड़भाड़ वाले इलाके में चेहरे का मिलान होते ही तुरंत अलर्ट मिल जाता है, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो पाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित