नयी दिल्ली , जनवरी 26 -- सत्तहतरवें गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पहनावे में सोमवार को पारंपरिकता के साथ आधुनिकता की झलक भी देखने को मिली।

गणतंत्र दिवस के मौके पर पूरे देश की निगाहें परेड के साथ ही प्रधानमंत्री की वेशभूषा पर टिकी रहती है। वह हर साल अलग-अलग परिधान धारण करके समारोह शामिल होने के लिए पहुंचते हैं। वह हर साल अनूठी शैली के पहनावे के जरिए देश की विविध परंपराओं की याद दिलाते हैं और अपने विशेष अंदाज से देशवासियों को प्रभावशाली संदेश देने का काम करते हैं। एक ओर जहां पूरी दुनिया के नेता ऐसे मौकों पर सूट-टाई में दिखते हैं, वहीं श्री मोदी पगड़ी, साफा और पारंपरिक अंगवस्त्र पर भरोसा करते हैं।

हर साल गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री के पहनावे में सांस्कृतिक विविधता, परंपरा और राजनीतिक संकेतों का अनोखा मिश्रण दिखा। इस बार श्री मोदी ने नेवी ब्लू कुर्ते पर हल्के स्काई ब्लू रंग का बिना बाजू वाला नेहरू जैकेट पहना था। इसके साथ ही उन्होंने बंधेज बहुरंगी साफा पहना जो राजस्थानी और गुजराती शैली की मिश्रित शैली का प्रतीक है। वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री ने गणतंत्र दिवस के मौके पर सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ भूरे रंग की बंद गला जैकेट पहन रखी थी। इसके साथ उन्होंने सिर पर बांधनी लुक की पगड़ी बांधी थी जो बेहद खास थी।इस पगड़ी में प्रमुख रूप से केसरिया रंग दिखाई दिया, जिसे भगवान श्री राम का प्रिय रंग माना जाता है। यह रंग त्याग, बलिदान और साहस का प्रतीक है।

वर्ष 2024 गणतंत्र दिवस पर श्री मोदी केसरिया रंग की 'बांधनी' पगड़ी पहने नजर आए थे, तो चौहतरवें गणतंत्र दिवस के मौके पर 2024 में उन्होंने बहुरंगी राजस्थानी पगड़ी पहनी थी। इसके साथ ही सफेद कुर्ता और काले कोट के साथ सफेद स्टोल पहने हुए थे। प्रधानमंत्री 2023 में गणतंत्र दिवस के मौके पर बहुरंगी राजस्थानी पगड़ी में नजर आए थे। चौहत्तरवें गणतंत्र दिवस पर सफेद कुर्ता, ब्लैक कोट और पैंट के साथ प्रधानमंत्री का पहनावा बेहद संतुलित और आकर्षक लगा था। इसके साथ ही कंधे पर सफेद स्टोल ने पूरे परिधान को अतिरिक्त गरिमा देने का काम किया था।

श्री मोदी 2022 में गणतंत्र दिवस के मौके पर पगड़ी की बजाय टोपी पहने नजर आए थे। उन्होंने उत्तराखंड से जुड़ी ब्रह्मकमल टोपी पहन रखी थी। गौरतलब है कि ब्रह्मकमल उत्तराखंड का राजकीय फूल है।

श्री मोदी 2021 में गणतंत्र दिवस के समारोह में एक खास पगड़ी में नजर आए थे। लाल रंग की 'हलारी पगड़ी' पर पीले रंग की बिंदिया थी। ये पगड़ी जामनगर के शाही परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी को तोहफे में दी थी। वहीं, 2020 में प्रधानमंत्री ने केसरिया रंग का 'बंधेज' का साफा बांधा था। पारंपरिक कुर्ता पजामा और जैकेट पहने प्रधानमंत्री ने समर स्मारक पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित