रांची , दिसंबर 18 -- झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस ने राजस्थान के बीकानेर से बिहार ले जाई जा रही करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की अवैध शराब को जब्त कर अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्थान से एक बड़ी शराब की खेप कंटेनर ट्रक के माध्यम से बिहार भेजी जा रही है। सूचना के आधार पर मेराल थाना पुलिस की एक विशेष जांच टीम गठित की गई। इसके बाद बिहार पुलिस के सहयोग से एनएच-39 पर सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया गया।
मेराल थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान प्रशिक्षु एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल ने बताया कि सूचना के अनुसार उत्तर प्रदेश की ओर से एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस टीम ने एनएच-39 के किनारे स्थित एक ढाबे पर खड़े संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।
जांच के दौरान कंटेनर चालक ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि ट्रक में चावल लोड है। हालांकि, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि कंटेनर में शराब भरी हुई है। तलाशी में कंटेनर से कुल 1070 पेटी शराब बरामद की गई, जिसमें कुल 25,440 बोतलें शामिल हैं। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने कंटेनर चालक गणपत राम को गिरफ्तार किया है, जो राजस्थान के बाड़मेर जिले का रहने वाला बताया गया है। एसडीपीओ प्रशिक्षु ने बताया कि बरामद शराब एक ही कंपनी की है और इसे अवैध रूप से बिहार ले जाया जा रहा था, जहां शराबबंदी के कारण ऐसी तस्करी लगातार हो रही है।
फिलहाल पुलिस ने कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
इस छापेमारी दल में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चिरंजीवी मंडल, मेराल अंचल अधिकारी यशवंत नायक, पुलिस निरीक्षक संतोष कुमार, थाना प्रभारी मेराल पुलिस अवर निरीक्षक विष्णुकांत सहित रवि कुमार, जालेंदर पासवान, राजेश्वर खलखो, अंजनीकांत, जितेंद्र कुमार, अनिल राम, बिमलेश कुमार रवि समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित