हरिद्वार , जून, 06 -- उत्तराखंड में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला राज्य की प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है इसलिए तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शनिवार को सीसीआर सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में कुंभ मेला-2027 से संबंधित विभिन्न विभागों, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों तथा संबंधित संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों और प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए आयुक्त ने कहा कि अब केवल योजनाएं बनाने का समय नहीं है, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है। सभी विभाग अपने-अपने कार्यों के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करें और निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूरा करें।

आयुक्त ने कहा कि कुंभ मेले की तैयारियों की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में केवल विभागों के नामित नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करें। नोडल अधिकारी ऐसे हों जिन्हें विभागीय कार्यों की पूरी जानकारी हो और जो आवश्यक निर्णय लेने में सक्षम हों।

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने रेलवे, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही संभावित आपात परिस्थितियों को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं और आपदा प्रबंधन की कार्ययोजना भी तैयार रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि आगामी अवधि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी विभाग इस आयोजन को केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राज्य की प्रतिष्ठा से जुड़े दायित्व के रूप में लें और पूरी गंभीरता, प्रतिबद्धता तथा समर्पण के साथ कार्य करें।

बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए मेले की तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने रेल एवं सड़क परिवहन व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित कार्ययोजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे की ओर से प्रस्तावित व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। वहीं जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल तथा एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने भी तैयारियों को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार ने सफाई, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी। अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में स्वास्थ्य, वित्त, रेलवे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपनी-अपनी तैयारियों और कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। टिहरी और पौड़ी गढ़वाल के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में सहभागिता की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित