चमोली , अगस्त 10 -- उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में लगातार बारिश और अतिवृष्टि ने आम जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। सोमवार को चमोली जिले में अतिवृष्टि से एक पुल क्षतिग्रस्त होने से यातायात पूरी तरह बन्द हो गया है। पानी के तेज बहाव से ढहे पुल से एक वाहन और एक व्यक्ति के बह जाने की सूचना है।

जिले की नीति घाटी में आज शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज बह गया, जिससे नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया। घटना में एक व्यक्ति और एक वाहन के बहने की सूचना है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने स्थानीय प्रशासन के साथ राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि तमक नाले में बढ़े जल प्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित