पौड़ी , जून 17 -- उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप ने बुधवार को मंडल मुख्यालय पौड़ी स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए दो कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने संभागीय परिवहन कार्यालय, संयुक्त निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा अपर निदेशक कृषि कार्यालय का निरीक्षण किया। संभागीय परिवहन कार्यालय में उन्होंने शिकायत पेटी स्थापित करने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने तथा सीएम हेल्पलाइन, चारधाम यात्रा मार्ग की पार्किंग व्यवस्था और चालान संबंधी मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

उन्होंने जुलाई 2025 से 15 जून 2026 तक हुई सड़क दुर्घटनाओं का विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और डुंगरी में निर्माणाधीन ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही लाइसेंस बनवाने आए आवेदकों से बातचीत कर विभागीय कार्यप्रणाली का फीडबैक भी प्राप्त किया।

उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यालय भवन की मरम्मत के प्रस्ताव भेजने, पुरानी पत्रावलियों को व्यवस्थित करने, शिकायत पेटी लगाने तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित करने के लिए सूचना पट्ट स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को वितरित किए जा रहे पौध एवं बीजों की जानकारी के साथ मंडल के सभी जनपदों की मासिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को भी कहा।

अपर निदेशक कृषि कार्यालय में निरीक्षण के दौरान प्रधान सहायक अनुपस्थित पाए गए। वहीं किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्या लेकर आए एक कृषक की सुनवाई न होने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने प्रधान सहायक तथा सहायक कृषि अधिकारी (वर्ग-1) के वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

सं.अभयवार्ताआयुक्त ने प्रभारी अपर निदेशक कृषि को सप्ताह में कम से कम दो दिन मंडल मुख्यालय स्थित कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय वाहन एवं चालक को आयुक्त कार्यालय से संबद्ध करने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित