रायपुर/दंतेवाड़ा , अगस्त 04 -- छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादियों के नाम से बैनर और पोस्टर लगाए जाने के मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी ईश्वर राव को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

मामला गढ़चिरौली जिले के पिपली थाना (बुर्गी) क्षेत्र का है, जहां माओवादियों के नाम से बैनर और पोस्टर लगाए जाने की सूचना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता , महाराष्ट्र पुलिस एक्ट और गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस से आज मिली जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसी कार्रवाई के तहत किरंदुल निवासी ईश्वर राव को 27 जुलाई 2026 को अहमदाबाद से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पुलिस रिमांड पर लिया गया और उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित