गढ़चिरौली , जुलाई 09 -- महाराष्ट्र में गढ़चिरौली जिले के मुधोली चक नंबर 2 गांव में प्रस्तावित इस्पात परियोजना के विरोध के दौरान ग्रामीणों ने कथित तौर पर 'वरद फेरो एलॉयज' के तीन अधिकारियों पर हमला कर दिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अधिकारी प्रस्तावित परियेाजना से जुड़े ड्रोन सर्वे के लिए गांव पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने सर्वे पर आपत्ति जतायी और आरोप लगाया कि उन्हें इस गतिविधि के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गयी थी। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गयी और ग्रामीणों ने कथित रूप से अधिकारियों की और ड्रोन कैमरे को नुकसान पहुंचाया। अधिकारियों को कुछ समय के लिए ग्राम पंचायत कार्यालय में भी बंधक बनाकर रखा गया था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अधिकारियों को बचाया। घटना की आगे की जांच चल रही है।

स्थानीय ग्रामीण और किसान प्रस्तावित इस्पात परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं तथा खेती एवं पर्यावरण पर परियोजना के असर को लेकर चिंता जता रहे हैं।

कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित