विदिशा , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के विदिशा जिला मुख्यालय की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों पर कफन डालकर फूल और मटके रखे तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि बारिश के दौरान सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का पता नहीं चलता और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। प्रदर्शनकारियों ने हाल में सड़क हादसे में एक बच्ची की मौत का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि बदहाल सड़क हादसे का कारण बनी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शहर की कई प्रमुख सड़कों पर लंबे समय से गड्ढे बने हुए हैं। संबंधित विभागों द्वारा मरम्मत के नाम पर औपचारिकता की जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे आम लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से शहर की सभी प्रमुख सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराने, खतरनाक गड्ढों को प्राथमिकता से भरने तथा अधिक खराब सड़कों की मरम्मत या पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलन करेगी। उन्होंने सड़क सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से गंभीरता से कार्रवाई करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित