लुधियाना , जुलाई 20 -- गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (गडवासू) के कॉलेज ऑफ फिशरीज ने पंजाब के इनोवेटिव फिश फार्मर्स एसोसिएशन (आईएफएफए) के प्रगतिशील मत्स्य पालकों के लिए फिश फार्मर्स डेवलपमेंट एजेंसी (एफएफडीए), लुधियाना के सहयोग से एक ओरिएंटेशन कार्यशाला सोमवार को आयोजित की।

इस कार्यशाला में मत्स्य पालकों को केन्द्र सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के मत्स्य पालन विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (पीएम-एमकेएसएसवाई) के तहत उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गयी।

कॉलेज ऑफ फिशरीज, राष्ट्रीय मत्स्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय संघ (नेशनल कंसोर्टियम ऑफ फिशरीज यूनिवर्सिटीज एंड कॉलेजेज) के तहत राज्य के मत्स्य एवं झींगा पालकों को सत्यापन, निगरानी और तकनीकी सहायता सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे योजना के तहत मिलने वाले लाभ और प्रोत्साहनों का फायदा उठा सकें।

विशेषज्ञों ने किसानों से नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (एनएफडीपी) पर पंजीकरण कराने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण से ऋण सुविधा, मत्स्य सहकारी समितियों को सशक्त बनाने, जलीय कृषि बीमा प्रोत्साहन, प्रदर्शन आधारित अनुदान तथा क्षमता निर्माण जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। कार्यशाला के दौरान उन आईएफएफए सदस्यों का भी एनएफडीपी पर पंजीकरण कराया गया, जिन्होंने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया था।

कार्यशाला में फिश फीडिंग मैनेजमेंट पर तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें वैज्ञानिक तरीके से मछली आहार तैयार करने, उसके निर्माण और उचित फीडिंग प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके अपनाने से चारे की उपयोगिता बढ़ती है, उत्पादन लागत कम होती है, मछलियों की वृद्धि बेहतर होती है और किसानों की आय में वृद्धि होती है। इसके अलावा किसानों को चारे की बर्बादी रोकने, पानी की गुणवत्ता बनाये रखने तथा मछलियों के स्वास्थ्य और गुणवत्ता में सुधार संबंधी व्यावहारिक सुझाव भी दिये गये।

कार्यशाला का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें विशेषज्ञों ने किसानों की विभिन्न तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और दीर्घकालिक एवं टिकाऊ मत्स्य पालन के लिए वैज्ञानिक पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित