लुधियाना , जुलाई 25 -- गुरु अंगद देव वेटरिनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी (गडवासू), लुधियाना के चल रहे हरित परिसर अभियान के तहत डेयरी एवं फूड साइंस टेक्नोलॉजी कॉलेज में शनिवार को पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया।

अभियान का उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के डीन डॉ. एस.पी.एस. घुमन ने किया। इस अवसर पर कॉलेज के अध्यापक, स्नातकोत्तर विद्यार्थी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान सभी अध्यापकों और स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने एक-एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। कॉलेज परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए मुख्य लॉन और प्रवेश मार्ग के किनारे फूलदार एवं सजावटी पौधे लगाये गये। इस चरण में बॉटलब्रश (कैलिस्टेमन), टेकोमा और गुड़हल (हिबिस्कस) सहित विभिन्न प्रजातियों का रोपण किया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह अभियान गडवासू की उस व्यापक योजना का हिस्सा है, जिसके तहत जिला वन कार्यालय, लुधियाना द्वारा उपलब्ध कराये गये 500 पौधों को विश्वविद्यालय परिसर में लगाया जा रहा है। इस पहल से हरित क्षेत्र में वृद्धि के साथ जैव विविधता को बढ़ावा मिलेगा, परिसर का वातावरण बेहतर होगा और विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ जे.पी.एस. गिल ने पौधारोपण अभियान के सफल आयोजन के लिए कॉलेज और एस्टेट विंग की सराहना की। उन्होंने परिसर को अधिक हरित, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित