नागपुर , मई 20 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इटली की आधिकारिक यात्रा को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बीच नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है और दोनों पक्षों ने राजनयिक आचरण एवं राजनीतिक बयानबाजी पर एक-दूसरे पर तीखे कटाक्ष किये।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब अपनी द्विपक्षीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को 'मेलोडी' चॉकलेट का एक पैकेट उपहार में दिया। इसे सोशल मीडिया पर दोनों नेताओं के लिए इस्तेमाल होने वाले वायरल शब्द 'मेलोडी' के हल्के-फुल्के संदर्भ में देखा गया।
इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए श्री गांधी ने 'एक्स' पर प्रधानमंत्री की आलोचना की तथा इसे 'पब्लिसिटी स्टंट' करार दिया और कहा, "यह नेतृत्व नहीं है, यह नौटंकी है।"श्री गडकरी ने प्रधानमंत्री का बचाव किया और श्री गांधी पर 'भ्रमित मानसिकता' दिखाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आधिकारिक राजनयिक यात्रा की ऐसी भाषा में आलोचना करना अनुचित है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक पदों के प्रति अनादर की कड़ी निंदा की।
राजनीतिक संवाद के प्रति श्री गांधी के दृष्टिकोण पर सवाल उठाते हुए श्री गडकरी ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है, जब संवैधानिक जिम्मेदारी संभालने वाले नेता आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय दौरों और व्यस्तताओं के बारे में ऐसी टिप्पणियां करते हैं।"यह ताजा जुबानी जंग राहुल गांधी के रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिये गये हालिया संबोधन के बाद उपजे भारी राजनीतिक तनाव के बीच हुई है, जहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और आरएसएस को निशाना बनाया था।
रिपोर्टों के मुताबिक श्री गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से श्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को 'गद्दार' बताने का आह्वान किया था। इससे भाजपा नेताओं की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आयीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित