नागपुर , अप्रैल 15 -- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी देने और उनसे रंगदारी मांगने के मामले मुख्य आरोपी जयेश पुजारी की प्रेमिका मंजुला ने जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण बयान दर्ज कराया है। इस गवाही को अभियोजन पक्ष के लिए एक निर्णायक कड़ी माना जा रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार,जांच में यह बात सामने आयी है कि आरोपी पुजारी ने केंद्रीय मंत्री के जनसंपर्क कार्यालय का मोबाइल नंबर अपनी प्रेमिका की मदद से ही हासिल किया था। इसी नंबर का उपयोग करके उसने धमकी भरे फोन किये और करोड़ों रुपयों की मांग की। बताया जा रहा है कि इस महिला ने पुलिस और अदालत के समक्ष आरोपी की गतिविधियों और उनके बीच हुए संवाद के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। उसने जयेश के व्यवहार, उसके संपर्कों और फिरौती मांगने की साजिश में उसकी संलिप्तता के बारे में कई अहम राज खोले हैं।

महिला ने अपने बयान में यह भी खुलासा किया कि जयेश ने उससे शादी करने का वादा किया था, जिसके कारण वह उसके प्रभाव में थी। यह पूरा मामला श्री गडकरी के कार्यालय में किये गये उन धमकी भरे फोनकॉल से जुड़ा है, जिनमें कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये की मांग की गयी थी। शुरुआती जांच में यह संकेत मिले थे कि आरोपी ने जेल के भीतर से ही ये कॉल किये थे और दहशत फैलाकर अवैध वसूली की कोशिश की थी।फिलहाल, जांच अधिकारी इस गवाही के आधार पर घटनाओं के क्रम को जोड़ने और इस पूरी साजिश में आरोपी की भूमिका की पुष्टि करने में जुटे हैं। पुलिस इस मामले में पहले ही आरोप पत्र दाखिल कर चुकी हैऔर कानूनी कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित