रांची , जून 19 -- झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के एक प्रत्याशी की हार के बाद कहा है कि उसके सभी विधायक एकजुट रहे और गठबंधन की रणनीति के अनुसार मतदान किया।
झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि पार्टी के सभी 34 विधायकों ने शत-प्रतिशत मतदान किया और गठबंधन के दोनों प्रत्याशियों के पक्ष में वोट दिया। उन्होंने बताया कि वह स्वयं पार्टी एजेंट के रूप में पूरे मतदान के दौरान मतदान केंद्र में मौजूद थे और मतदान प्रक्रिया पर नजर रखे हुए थे।
श्री पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चुनाव से पहले गठबंधन दलों की कई बैठकें की थीं। मतदान को लेकर रणनीति बनाई गई थी और विधायकों को प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए अभ्यास (मॉक ड्रिल) भी कराया गया था। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों के बावजूद गठबंधन के एक प्रत्याशी का चुनाव हार अपेक्षा के अनुरूप नहीं है।
श्री पांडेय के अनुसार, राज्यसभा चुनाव परिणाम की महागठबंधन में समीक्षा की जाएगी और यह देखा जाएगा कि किन कारणों से अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सका। ताकि, भविष्य में ऐसी कमियों को दूर किया जा सके और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक लड़ाई में इंडिया गठबंधन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित