चेन्नई , मार्च 15 -- तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कर रहे विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक) के महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी (ईपीएस) ने अभिनेता से नेता बने विजय के नए दल 'तमिलगा वेट्री कषगम' (टीवीके ) के साथ गठबंधन की बातचीत होने संंबंधी खबरों का खंडन किया है।
श्री पलानीस्वामी ने ऑनलाइन समाचार मंच 'चाणक्य' के आठवें स्थापना दिवस समारोह में बोलते हुए टीवीके के साथ गठबंधन की बातचीत की खबरों को साफ तौर पर नकार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच किसी भी तरह का कोई संपर्क या बातचीत नहीं हुई है। श्री विजय की टीवीके के राजग गठबंधन में शामिल होने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी तरह की कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा, "मैंने यह बात पहले ही साफ कर दी है। कोई बातचीत नहीं हुई है। जब कोई बातचीत ही नहीं हुई, तो गठबंधन कैसे हो सकता है?"श्री पलानीस्वामी ने कहा, "मीडिया इस बात को बेवजह बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है। अन्ना द्रमुक का टीवीके के साथ न तो कोई संपर्क हुआ है और न ही कोई बातचीत हुई है।" इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के साथ कथित मतभेदों के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने दोनों के बीच किसी भी तरह के मनमुटाव की बात को पूरी तरह से नकार दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित