अमृतसर , अप्रैल 04 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अमृतसर में महाप्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा के परिवार के लिए न्याय की मांग और मामले की केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जांचकी मांग को लेकर राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि पार्टी तब तक अपना आंदोलन जारी रखेगी, जब तक परिवार को न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि न्याय की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि श्री रंधावा के साथ जो हुआ वह किसी के साथ भी हो सकता है, इसीलिए हर पंजाबी इस लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर सहित सभी आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार के भारी दबाव के बावजूद मजबूती से खड़े रहने के लिए परिवार के साहस को सलाम किया।

श्री जाखड़ ने कहा कि पुलिस हिरासत में उस व्यक्ति की मौत, जिसने रंधावा परिवार की बिजली काटी थी, ने मामले को और अधिक जटिल बना दिया है। अब केवल सीबीआई जांच ही सच्चाई सामने ला सकती है, जिसमें यह भी शामिल है कि मंत्री द्वारा जबरन वसूली के माध्यम से कथित तौर पर एकत्र किया गया पैसा कहां भेजा जा रहा था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं -समझौतावादी' हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब भगवंत मान द्वारा नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा चलाया जा रहा है और श्री मान 'नाममात्र के मुख्यमंत्री' हैं। उन्होंने कहा कि पंजाबियों ने अब फैसला कर लिया है कि पंजाब पर पंजाबियों का शासन होगा और बाहरी लोगों को राज्य का शोषण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस अवसर पर रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू, भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा और राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित