उज्जैन , सितंबर 26 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में गंभीर हृदय रोग से पीड़ित एक दिन के नवजात शिशु को बेहतर उपचार के लिए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की सहायता से अहमदाबाद पहुंचाया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने शनिवार को बताया कि देवास जिले के जमुणी ग्राम निवासी धीरज के एक दिन के नवजात को गंभीर हृदय बीमारी के कारण उज्जैन के बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नवजात की गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र पर उपचार की आवश्यकता थी।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस के नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य माथुर के साथ समन्वय कर तत्काल एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई। नवजात को पहले सड़क मार्ग से उज्जैन से इंदौर पहुंचाया गया, जहां से पीएम श्री एयर एम्बुलेंस द्वारा करीब दो घंटे में यू.एन. मेहता अस्पताल, अहमदाबाद पहुंचाया गया।

आयुष्मान कार्ड होने के कारण नवजात के परिजनों को पात्रतानुसार उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ निःशुल्क मिल रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित