बैतूल , जून 23 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आयोजित जनसुनवाई के दौरान ग्राम पंचायत कन्हड़गांव के ठानी रैय्यत मोहल्ले की महिलाओं और ग्रामीणों ने गंदे पानी से भरी बोतल दिखाकर पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि ठानी रैय्यत के करंजी घाट मोहल्ले में लगभग 12 परिवार निवास करते हैं और यहां पेयजल की व्यवस्था केवल दो हैंडपंपों पर निर्भर है। इनमें से एक हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है, जबकि दूसरे से दूषित और मटमैला पानी निकल रहा है। मजबूरी में ग्रामीण इसी पानी का उपयोग पीने और घरेलू कार्यों के लिए कर रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके मोहल्ले को अब तक जल जीवन मिशन का लाभ नहीं मिला है और नल-जल योजना की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि जनवरी माह से क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। कई परिवारों ने बिजली कनेक्शन के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मीटर लगवा लिए हैं, लेकिन अब तक बिजली के खंभे नहीं लगाए गए हैं, जिसके कारण लोगों को अंधेरे में जीवन यापन करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मोहल्ले तक पक्की सड़क निर्माण की मांग भी उठाई। उनका कहना है कि सड़क नहीं होने से विशेषकर वर्षाकाल में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है और बच्चों, बुजुर्गों तथा मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित