श्रीनगर , अप्रैल 04 -- जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल जिले में एक अप्रैल को 'मुठभेड़' में मारे गये व्यक्ति के शव से मिले एटीएम कार्ड से जांचकर्ताओं को उसकी पहचान की है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सेना ने एक अप्रैल को दावा किया था कि गंदेरबल के अरहामा में पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एक आतंकवादी मारा गया। मृतक के परिवार ने उसकी पहचान 28 वर्षीय राशिद अहमद मुगल के रूप में की, जो कॉमर्स में पोस्टग्रेजुएट था। परिवार ने दावा किया कि उसका आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं था और उन्होंने इसे 'फर्जी' मुठभेड़ बताते हुए जांच की मांग की है।

इस विवाद के बीच, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को इस मुठभेड़ की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिये और न्याय का भरोसा दिलाया। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित कई राजनीतिक नेताओं ने भी जांच की मांग की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित