श्रीनगर , अक्टूबर 30 -- फरार आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान जारी रखते हुए कश्मीर में गंदेरबल पुलिस ने 13 साल से फरार दो आरोपियों को बेंगलुरु और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गंदेरबल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खलील पोसवाल के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम ने लगातार और कड़ी मेहनत के बाद 13 साल से फरार दो आरोपियों को बेंगलुरु और महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। अब दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि यह सफल ऑपरेशन गंदेरबल पुलिस के दृढ़ संकल्प और समर्पण को दर्शाता है कि कोई भी अपराधी कानून की पहुंच से परे नहीं है।
उन्होंने कहा कि पुलिस न्याय, शांति और सार्वजनिक सुरक्षा के हित में सभी अपराधियों और भगोड़ों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित