गुना , अक्टूबर 29 -- दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुना में नमकीन फैक्ट्री पर छापेमारी की गई। सकतपुर स्थित दीपज्योति नमकीन फैक्ट्री में गंदगी के बीच नमकीन का निर्माण और पैकिंग किए जाने पर अधिकारियों ने फैक्ट्री को सील कर दिया।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिठाई, मावा, नमकीन सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जांच और सैंपलिंग की जा रही है। इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर महिमा चौधरी, तहसीलदार आरती गौतम तथा नगरपालिका, नापतौल, श्रम और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने फैक्ट्री का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान परिसर में गंदगी पाई गई और नमकीन जमीन पर फैलाकर पैक किया जा रहा था। इस पर नगरपालिका अधिकारियों ने 7,500 रुपये का जुर्माना लगाया। नापतौल और श्रम विभाग के अधिकारियों ने भी प्रकरण दर्ज किए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बेसन, मिर्च, खाद्य तेल और नमकीन के नमूने जांच के लिए जब्त किए।
गंदगी और अनियमितताएं मिलने पर फैक्ट्री को सील कर दिया गया। इससे पहले संयुक्त टीम मिठाई के बड़े कारोबारियों के निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण कर चुकी है। प्रशासन के निर्देश पर जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूने लेने की कार्रवाई लगातार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित