बैतूल , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई-पट्टन मार्ग पर नगर पालिका द्वारा लगभग 17 लाख रुपये की लागत से विकसित सार्वजनिक पार्क रखरखाव और निगरानी के अभाव में बदहाल हो गया है। पार्क के सामने कचरा फेंके जाने और अवैध पार्किंग को लेकर स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पार्क को शहरवासियों के लिए स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया गया था, लेकिन वर्तमान में इसके सामने बड़ी मात्रा में कचरा डाले जाने से गंदगी फैल रही है। कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और पार्क की सुंदरता भी प्रभावित हो रही है।
नगर पालिका ने कचरा फेंकने वालों को रोकने के लिए स्थल पर चेतावनी बोर्ड लगाया है, जिसमें नियमों के उल्लंघन पर दो हजार रुपये जुर्माने का प्रावधान किया गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि लाखों रुपये खर्च कर पार्क का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन उसकी नियमित निगरानी और रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। इसके अलावा पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
इस संबंध में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि पार्क के आसपास शीघ्र ही सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उनकी मदद से कचरा फेंकने वालों की पहचान कर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्य द्वार के सामने होने वाली अवैध पार्किंग की समस्या का भी समाधान किया जाएगा, ताकि पार्क परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित