पटना , सितंबर 27 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री तथा जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि नेपाल के गंडक नदी के जल अधिग्रहण क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में सामान्य से काफी अधिक वर्षापात होने के कारण वाल्मीकिनगर बराज पर जलस्राव लगातार बढ़ रहा है, जिसकी वजह से प्रशासन को पूरी तैयारी के साथ सतर्क रहने को कहा गया है।

श्री चौधरी ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न 11 बजे बराज पर 4.24 लाख क्यूसेक जलस्राव दर्ज किया गया और इसकी प्रवृत्ति बढ़ने की है। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए पदाधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रखा गया है। उन्होंने कहा कि वाल्मीकिनगर बराज से करीब 80 किलोमीटर ऊपर नेपाल के देवघाट गेज स्थल पर दर्ज वर्तमान जलस्तर के आधार पर शाम तक वाल्मीकिनगर बराज पर करीब पांच लाख क्यूसेक या उससे अधिक जलस्राव पहुंचने की संभावना है।

जल संसाधन मंत्री ने कहा कि हालांकि यह जलस्राव वर्ष 2024 में दर्ज अधिकतम 5,62,500 क्यूसेक जलस्राव की तुलना में कम रहने की संभावना है, फिर भी विभाग पूरी तरह सतर्क है और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। गंडक नदी के दोनों तटबंधों की बेहतर निगरानी के लिए अतिरिक्त अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

उन्होंने कहा कि सभी अभियंताओं को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहते हुए तटबंधों की लगातार चौकसी और निगरानी करने का निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी प्रकार की शिथिलता को अक्षम्य मानते हुए संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित