बेतिया , सितंबर 30 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा है कि राज्य में गंडक और कोसी नदी के तटबंधों को पक्का और मजबूत किया जाएगा और इसके लिए सर्वेक्षण का कार्य शुरू कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तटबंधों के सुदृढ़ीकरण से बाढ़ के दौरान उनके क्षतिग्रस्त होने की समस्या को कम करने और प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
श्री चौधरी ने आज पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया प्रखंड के फतुछापर स्थित पीएम श्री राजकीय 2 उच्च विद्यालय, बथना परिसर में बाढ़ की स्थिति और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के दौरान यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री करीब 12:02 बजे हेलीकॉप्टर से बथना पहुंचे। वहां अधिकारियों ने उन्हें जिले में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में नवनिर्मित हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था और बाढ़ आश्रय केंद्र से संबंधित तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
श्री चौधरी के बाढ़ ग्रस्त इलाके में पहुंचने से पहले मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) समेत कई वरीय अधिकारी वहां पहुंच चुके थे। इस दौरान सांसद डॉ. संजय जायसवाल, विधायक विनय बिहारी एवं संजय कुमार पाण्डेय, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष रूपक कुमार श्रीवास्तव भी मौजूद थे।
बथना में तैयारियों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री को मच्छरगांवा होते हुए बनकटवा जाना था, जहां उन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करना था। हालांकि, उनका आगे का दौरा स्थगित कर दिया गया और वह हेलीकॉप्टर से पटना लौट गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित