पटना , सितंबर 30 -- बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच गंडक नदी के बगहा, गोपालगंज के डुमरियाघाट और मुजफ्फरपुर के रेवाघाट तथा वैशाली के लालगंज में वर्ष 2026 के बाढ़ अवधि का नया उच्चतम जलस्तर (एचएफएल) दर्ज किया गया है।
वहीं, वाल्मीकिनगर गंडक बराज और वीरपुर कोसी बराज से जलस्राव स्थिर बना हुआ है, जबकि इंद्रपुरी सोन बराज से जलस्राव में वृद्धि दर्ज की गई है।
जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार से 30 सितंबर को जारी आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण जिले के बगहा गेज स्थल पर 28 सितंबर को गंडक नदी का जलस्तर 91.25 मीटर दर्ज किया गया, जो पूर्व में 29 सितंबर 2024 को दर्ज 90.90 मीटर के उच्चतम बाढ़ जलस्तर से 0.35 मीटर अधिक है।
इसी तरह गोपालगंज जिले के डुमरियाघाट में 30 सितंबर को जलस्तर 64.64 मीटर पहुंच गया, जबकि इससे पहले 24 जुलाई 2020 को 64.36 मीटर का उच्चतम स्तर दर्ज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित