बेंगलुरु , सितंबर 06 -- रविवार को बेंगलुरु में टेक महिंद्रा और फिडे की संयुक्त पहल, ग्लोबल चैस लीग (जीसीएल) में गंगेस ग्रैंडमास्टर्स ने फयेर्स अमेरिकन गैंबिट्स की जीत की लय को रोका, जबकि मौजूदा चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

गंगेस ग्रैंडमास्टर्स ने दूसरे दिन दो मैच खेले। दिन के पहले मैच में अल्पाइन एपीएल पाइपर्स से मिली हार की निराशा को पीछे छोड़ते हुए, उन्होंने गैंबिट्स को 9-7 से हराया और स्टैंडिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

इससे पहले पाइपर्स ने गंगेस ग्रैंडमास्टर्स को 11-6 से हराया था, जबकि पीबीजी अलास्कन नाइट्स ने चेक मुम्बा मास्टर्स को 11-6 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की थी।

जीसीएल सीज़न 4 का दूसरा दिन प्रशंसकों के लिए शानदार रहा, क्योंकि उन्होंने कुछ बेहतरीन जीत और रोमांचक मुकाबले देखे। भारतीय ई-स्पोर्ट्स आइकन और एस8यूएल के सह-संस्थापक नमन "मोर्टल" माथुर भी दर्शकों में शामिल थे। उन्हें यह देखकर खुशी हुई होगी कि उनके पसंदीदा खिलाड़ी निहाल सरीन ने गंगेस ग्रैंडमास्टर्स के खिलाफ अमेरिकन गैंबिट्स के लिए एकमात्र गेम जीता।

हालांकि, निहाल की जीत गैंबिट्स को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं थी, क्योंकि 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' पोलिना शुवालोवा ने बिबिसारा असौबायेवा को हराकर तीन राउंड में अपना तीसरा गेम जीता।

इसके बाद इयान नेपोम्नियाची ने रूक-पॉन एंडगेम में 2026 कैंडिडेट्स विजेता जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ बाजी पलट दी और अपनी टीम को बढ़त दिला दी। गैंबिट्स के डेनिल डुबोव, लेनियर डोमिंग्वेज़ पेरेज़ के खिलाफ अपनी बढ़त को जीत में नहीं बदल पाए, भले ही उन्होंने गेम को 101 चालों तक खींचा।

इससे पहले, विदित गुजराती और कोनेरू हम्पी ने काले मोहरों के साथ लगातार दूसरी जीत दर्ज की और पाइपर्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया, जबकि महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को एक और हार का सामना करना पड़ा। विदित ने लीनियर डोमिंग्वेज़ पेरेज़ की एक छोटी सी गलती का फ़ायदा उठाकर 38 चालों में जीत हासिल की, और हम्पी ने एक बार फिर अपना शानदार खेल दिखाते हुए 41 चालों में स्टावरौला त्सोलाकिडौ को हरा दिया।

लेकिन दिव्या के शुवालोवा से हारने के बाद, गंगेस ग्रैंडमास्टर्स के पास हार का अंतर कम करने का मौका था, क्योंकि आइकन बोर्ड पर मैग्नस कार्लसन के ख़िलाफ़ एंडगेम में इयान नेपोम्नियाची के पास 5 मिनट से ज़्यादा का समय बचा था और वे अच्छी स्थिति में थे।

लेकिन दुनिया के नंबर 1 नॉर्वेजियन खिलाड़ी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें एंडगेम का किंग क्यों कहा जाता है; उन्होंने क्वीन्स के एक्सचेंज के बाद वापसी की और मैच ड्रॉ करा लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित