पटना , सितंबर 8 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को वीर शहीद गंगू मेहतर को याद करते हुए कहा कि शहीदों और महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है तथा उनके संघर्ष, साहस और बलिदान को स्मरण करने के साथ-साथ उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
डॉ. कुमार पटना के यारपुर स्थित अंबेडकर विकास समिति एवं बिहार राज्य राउत मेहतर पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में 1857 के क्रांतिकारी योद्धा वीर शहीद गंगू मेहतर की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने गंगू मेहतर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अंबेडकर विकास समिति की ओर से समाज के महान व्यक्तित्वों और वीर सपूतों की स्मृतियों को जीवंत रखने का कार्य सराहनीय है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान केवल उसके वर्तमान से नहीं, बल्कि उसके महापुरुषों, वीर योद्धाओं और संघर्षशील पूर्वजों के आदर्शों एवं योगदान से भी होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित