हरिद्वार , जून 17 -- उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसे में भूपतवाला स्थित बलराम घाट ठोकर नंबर-16 पर स्नान करते समय गुजरात से आया एक किशोर गंगा की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा किशोर की तलाश में सघन तलाश अभियान शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि गुजरात के सूरत निवासी हरसिल चौहान (16) पुत्र राजू भाई चौहान गंगा में स्नान करते समय अचानक भंवर में फंस गया और देखते ही देखते पानी में डूब गया। घटना के समय वह अपने परिजनों के साथ हरिद्वार घूमने आया था।

सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और जल पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि स्नान के दौरान हरसिल गहरे पानी में चला गया और भंवर की चपेट में आने से वह लापता हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस एवं जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से गंगा में तलाश अभियान शुरू किया। गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि परिजनों से आवश्यक जानकारी जुटा ली गई है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने और निर्धारित क्षेत्र में ही स्नान करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित