वाराणसी , जुलाई 15 -- केंद्रीय मंत्रिमंडल ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की दो महत्त्वपूर्ण एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।

इन परियोजनाओं के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (एनएच-31) को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ने वाले वरुणा नदी के किनारे 43.218 किलोमीटर लंबे 6/4 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर तथा एनएच-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच 6-लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित 43.218 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर की अनुमानित लागत 10,998.32 करोड़ रुपये है। वहीं, एनएच-19 और वाराणसी रिंग रोड के बीच 6-लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना को हाइब्रिड एन्युटी मॉडल (एचएएम) के तहत विकसित किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत 14,447.64 करोड़ रुपये है। दोनों परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 25,445 करोड़ रुपये है।

इन परियोजनाओं को मंजूरी मिलने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने विधायक सौरभ श्रीवास्तव के नेतृत्व में खुशी जताते हुए जश्न मनाया।

विधायक श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने काशी को विकास की बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि लगभग 25 हजार करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से शहर में 89 किलोमीटर का एलिवेटेड रोड नेटवर्क विकसित होगा, जिससे एयरपोर्ट से शहर तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही काशी विश्वनाथ धाम, नमो घाट और अन्य प्रमुख स्थलों तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि इससे यातायात जाम में कमी आएगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और विकसित काशी के निर्माण को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि आज की काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता और आधुनिक आधारभूत संरचना का अद्भुत संगम बन चुकी है तथा नई परियोजनाएं शहर के विकास को और गति प्रदान करेंगी। वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि लगभग 25,445 करोड़ रुपये की लागत वाली गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी मिलना शहर के लिए एक परिवर्तनकारी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे काशी की कनेक्टिविटी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी, यातायात का दबाव कम होगा और श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को श्री काशी विश्वनाथ धाम तक सुगम एवं त्वरित पहुंच मिलेगी। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और वाराणसी एक आधुनिक, सुव्यवस्थित तथा विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित होगा।

महापौर ने इसके लिए प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में काशी लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि इन परियोजनाओं से काशी की यातायात व्यवस्था को नई संजीवनी मिलेगी। उन्होंने कहा कि नमो घाट, काशी विश्वनाथ धाम तथा शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों तक यात्रा अधिक सुगम होगी और लोगों के समय की बचत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित