ऋषिकेश , जून 11 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के कौड़ियाला क्षेत्र में गंगा नदी में डूबे गाजियाबाद निवासी युवक का शव पांच दिन बाद गुरुवार को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) एवं स्थानीय पुलिस के संयुक्त प्रयासों से बरामद कर लिया गया।

युवक की पहचान आशीष जैन (40) के रूप में की गयी है। वह उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के इंदिरापुरम का रहने वाला था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गत पुलिस को छह जून की शाम कौड़ियाला स्थित रिवेरा रेस्ट्रो के समीप एक व्यक्ति के गंगा नदी में डूबने की सूचना मिली थी। सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तलाश अभियान शुरू कर दिया।

एसडीआरएफ की टीम ने पिछले पांच दिनों से गंगा नदी के संभावित क्षेत्रों में लगातार खोज अभियान चलाया। इस दौरान नदी के तेज बहाव और विषम परिस्थितियों के बावजूद टीमों ने उपलब्ध सभी आधुनिक संसाधनों और तकनीकों का उपयोग करते हुए सघन तलाशी अभियान जारी रखा।

लगातार प्रयासों के बाद गुरुवार को शिवपुरी क्षेत्र में एसडीआरएफ एवं स्थानीय पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान युवक का शव बरामद कर लिया गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद आवश्यक पंचनामा एवं अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित