चंदोली , जून 21 -- उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के कांवर गांव से एक बेहद दुखद और हृदय विदारक खबर सामने आई है। रविवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान सगे भाई-बहन की डूबने से मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांवर गांव निवासी नंदकिशोर निषाद के 18 वर्षीय पुत्र शुभम निषाद और 10 वर्षीय पुत्री अनन्या शनिवार को वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित गंगापुर गांव में अपनी बुआ के घर घूमने गए थे। रविवार की सुबह दोनों भाई-बहन पास के गंगा घाट पर स्नान करने पहुंचे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में गंगा तट पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए गंगा में छलांग लगाकर दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद शुभम और अनन्या को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित