बैतूल , मई 25 -- गंगा दशहरा के अवसर पर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बैतूल और मुलताई में विशेष स्वच्छता एवं जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पालिका परिषदों के नेतृत्व में नदी घाटों, धार्मिक स्थलों और जल स्रोतों की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

बैतूल नगर पालिका परिषद द्वारा माचना नदी के दामा दैयत घाट पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट परिसर की सफाई, पौधरोपण और जलकुंभी हटाने का कार्य किया गया। जेसीबी मशीन की सहायता से घाट क्षेत्र की विशेष सफाई कराई गई। अभियान का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पांडे, जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक प्रिया चौधरी, वार्ड पार्षद शोभा निरापुरे, ग्रीन टाइगर टीम के सदस्य, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वहीं मुलताई नगर पालिका परिषद द्वारा मां ताप्ती परिक्रमा मार्ग और मासोद पंप परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की तथा जल स्रोतों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण का आह्वान किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रहलाद सिंह परमार, उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे, एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार संजय बरैया तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। उपस्थितजनों ने मां ताप्ती क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित