हरिद्वार , मई 23 -- त्तराखंड के हरिद्वार में गंगा दशहरा एवं निर्जला एकादशी स्नान मेला पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष ब्रीफिंग कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने मेले में तैनात पुलिस बल को दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत रणनीति साझा की।
इस दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने स्नान मेले की संपूर्ण व्यवस्था के लिए एसपी सिटी अभय सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया। प्रशासन ने पूरे मेला क्षेत्र को बेहतर संचालन के लिए 02 सुपर जोन, 11 जोन एवं 27 सेक्टरों में विभाजित किया है, जहां जिम्मेदार अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
ब्रीफिंग में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेला क्षेत्र की निरंतर निगरानी की जाएगी तथा भीड़ की स्थिति का लगातार आकलन किया जाएगा। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
डीएम एवं एसएसपी ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सतर्कता और समन्वय बनाए रखें। भीषण गर्मी को देखते हुए जवानों को पानी, ग्लूकोज एवं ओआरएस साथ रखने तथा स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। साथ ही ड्यूटी प्वाइंट, ट्रैफिक प्लान और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था की पूरी जानकारी रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि स्नान पर्व, चारधाम यात्रा और वीकेंड के कारण श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में हर की पौड़ी, मनसा देवी एवं चंडी देवी मंदिर क्षेत्रों के साथ हाईवे पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की आवाजाही व्यवस्थित रखने, घाटों पर भीड़ नियंत्रित करने तथा वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जल पुलिस, बम निरोधक दस्ता , डॉग स्क्वॉड, फायर यूनिट, घुड़सवार दल एवं मोबाइल टीमें निरंतर सक्रिय रहेंगी। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों एवं प्रमुख मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित