बुलंदशहर , अगस्त 22 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को सिद्ध बाबा गंगा घाट, औरंगाबाद तहारपुर और अहार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
अहार क्षेत्र में गंगा के तेज कटान के बीच अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अभिषेक कुमार ने घाट और कटान प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी स्याना लालजी विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने कटान प्रभावित इलाकों के साथ बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ चौकियों की स्थिति, निगरानी व्यवस्था तथा राहत एवं बचाव कार्यों के लिए की गई तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कार्यवाहक थाना प्रभारी अहार अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को गंगा के जलस्तर, बाढ़ और कटान की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित