वाराणसी , मई 6 -- वाराणसी के सिगरा स्थित नगर निगम कैंपस में पुराने जर्जर भवन के स्थान पर अब अत्याधुनिक नगर निगम सदन भवन के निर्माण का कार्य गति पकड़ चुका है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की उपस्थिति में बुधवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 28 अप्रैल को बरेका मैदान से वर्चुअली रखी गई आधारशिला का शिलापट्ट स्थापित किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर महापौर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में काशी को यह नई सौगात मिल रही है। उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस को 12 महीने की निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य हर हाल में गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।
इस भवन का निर्माण ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन) माध्यम से कराया जा रहा है। ऐसे में डिजाइन से लेकर निर्माण तक की पूरी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की होगी, जिससे परियोजना में तेजी और पारदर्शिता बनी रहेगी। 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नया सदन भवन काशी की सांस्कृतिक महत्ता का प्रतीक बनेगा।
गंगा और काशी की विशेष थीम पर आधारित इस बी जी 4 (बेसमेंट, भूतल प्लस चार मंजिल) भवन का मुख्य आकर्षण इसका शिवलिंग स्वरूप प्रारूप होगा। परियोजना के तहत भूतल पर रिकॉर्ड रूम, कैश काउंटर, मीटिंग रूम और ग्रीन रूम प्रस्तावित हैं। प्रथम तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला सदन हॉल, पर्यावरण, लाइसेंस व न्याय विभाग होगा। द्वितीय तल पर महापौर, नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, कॉन्फ्रेंस रूम व वीवीआईपी रूम तथा तृतीय व चतुर्थ तल पर विभिन्न प्रशासनिक विभाग, कॉन्फ्रेंस रूम व प्रतीक्षा कक्ष बनाए जाएंगे।
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भवन की नींव जी 7 (सात मंजिल) के भार के अनुसार रखी गई है, हालांकि वर्तमान योजना के तहत बेसमेंट सहित पांच मंजिलों का निर्माण किया जा रहा है। 12 हजार वर्ग मीटर में फैले इस परिसर में लिफ्ट, सर्विस एरिया, यूनियन हॉल, पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, सर्वर रूम, पीआर कक्ष, कैंटीन और टैक्स कलेक्शन रूम जैसी सभी नागरिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर उपसभापति नरसिंह दास, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संगम लाल, विनोद कुमार गुप्ता, सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक योगेश कुमार गुप्ता, वरुण गुप्ता, आर्किटेक्ट कुनाल कालरा सहित नगर निगम के सभी 110 पार्षद व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित