बदायूं , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक डबल डेकर बस के पलट जाने से लगभग 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में एक यात्री का पैर भी कट गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार वाराणसी से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी डबल डेकर बस वजीरगंज थाना क्षेत्र के नौली हरनाथपुर गांव के निकट गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। बस में करीब 100 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और राहत-बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गए तथा घायलों को बस से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायलों को पहले वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कुमार कठेरिया ने बताया कि दुर्घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पांच की हालत गंभीर है। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति का पैर कट गया है।

घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस और प्रशासन की तत्परता से जल्द ही सुचारु कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित