हरदोई , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक वाहन में ही फंस गया और तड़पते हुए उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कार में सवार ढाई वर्षीय मासूम ने भी दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार आलोक मिश्रा पुत्र त्रिलोकी मिश्रा दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं, वह अपनी पत्नी पूजा मिश्रा, पुत्र हार्दिक मिश्रा (ढाई वर्ष) तथा ससुर जटाशंकर शुक्ला के साथ अर्टिगा कार से शुक्रवार रात प्रतापगढ़ के रानीगंज थाना क्षेत्र स्थित जामताल गांव स्थित अपने घर जा रहे थे। कार को पवन शुक्ला चला रहे थे।

शनिवार सुबह पचदेवरा थाना क्षेत्र में फतेहपुर गांव के निकट गंगा एक्सप्रेसवे के पोल संख्या 271 पर उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और चालक पवन शुक्ला वाहन में ही फंस गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से पवन शुक्ला के अलावा सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पाली भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने ढाई वर्षीय हार्दिक को मृत घोषित कर दिया। वहीं आलोक मिश्रा, पूजा मिश्रा और जटाशंकर शुक्ला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया।

चिकित्सकों के अनुसार आलोक और पूजा की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पाली थाना पुलिस ने चालक पवन शुक्ला और मासूम हार्दिक के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक पाली विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम को भेजा रहा है तथा तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित